05 अक्टूबर 2012

बदले बिहार का बिकल्प नहीं हो सकते लालू प्रसाद यादव।

अरूण साथी
बिहार की राजनीति करवट ले रही है। खगड़िया में सीएम पर हुए पत्थराव के बाद एकबारगी पूरे देश को लगा जैसे बिहार में नीतीश कुमार का तिलिस्म खत्म हो गया। नीतीश कुमार नायक से खलनायक बन गए! लालू प्रसाद यादव को लगा जैसे बिलाय के भाग्य से छिंका टूट गया हो और वे जातिवाद का पूराना कार्ड खेलते हुए कहा-मैंने कभी नहीं कहा भूरा बाल साफ करो? (तो जरा यह भी बता दे कि किसने कहा था)
    इस सबके बीच एक आम आदमी की तरह सोंचते समझते बेचैनी सी होने लगी है। यह सच है कि नीतीश कुमार ने जिस दलदल से बिहार को बाहर निकालने की लड़ाई लड़ी आज वह स्वयं उसी दलदल में फंस गए है। पर यह भी सच है कि आज का बिहार लालू प्रसाद यादव के द्वारा बेआबरू किए बिहार से बहुत आगे निकल, देश के नंबर एक राज्य की रेस में कजरी गाता हुआ आगे बढ़ रह है।
    नीतीश कुमार के योगदान को बिहारी मानस एक बारगी भुला नहीं सकता। बदनाम बिहारी की गाली से उपर उठ कर बिहार अपने नवनिर्माण की कहानी गढ़ रहा है। बिहार में आज न सिर्फ अच्छी सड़के है बल्कि यहां की बेटियां घरों की चाहरदिवारी से बाहर निकल नई ईवारत लिख रही है। बिहार का महिला सशक्तिकरण देश के लिए प्रेरणा बना हुआ है। कानून के राज की कल्पना जमीन पर शनै शनै उतर रही है। किसानों के घरों में खुशहाली के बीज बोया जा रहा है। अब किसान के घर में परंपरागत धान की मोड़ी (बिचड़ा) नहीं मिलता बल्कि हाइब्रीड धान का बीज बिहार सरकार उपलब्ध कराती है। श्रीविधी की खेती किसान अपना रहे है। अस्पतालों में जानवरो की जगह मरीज नजर आते है, मेला लगा रहता है। डाक्टर भी छुपछुपा कर ही निजी क्लिनीक में रहते है। स्कूलों में बच्चों की उपस्थिति भी बढ़ी है, खास कर महादलित बच्चों की। आज से पहले स्कूलों में महादलितों कें बच्चे पढ़ने के लिए नहीं जाते थे पर आज मेरे ही गांव में दो दर्जन महादलितों के बच्चे पढ़ाई कर रहे है। कई चीजें है जो बिहार में बहुत अच्छा हुआ है ठीक उसी तरह बहुत कुछ बुरा भी हुआ है।
    बुराई की जो सबसे पहली बात है वह यह कि नीतीश कुमार को सच बोल सके ऐसा एक भी आदमी उनके साथ नहीं है। चटुकारिता उनकी पसंद हो गई तो चटुकार उनके चहेते। निंदक नियरे राखिए का परंपरा उन्होंने स्वयं खत्म कर दी और मीडिया तक पर निंदा को प्रतिबंधित कर दिया। परिणाम बुराईयों तक उनका ध्यान जाए तो कैस?
    गली गली सरकारी शराब की बिक्री, होटलों और ढावों में अवैध शराब की खुलेआम बिक्री और उसके गिरफ्त मंे आते युवा, निरंकुश थानेदार और प्रशासन, विकास योजनाओं मंे लूट की छूट, स्तरहीन शिक्षकों की बहाली सहित कई मुददों के बीच सुशासन का बिहार जकड़ता चला गया पर नीतीश कुमार को भनक तक नहीं लगी। एक के बाद एक अपने ही दल के ताकतवर नेताओं को शंट कर गणेश परिक्रमा करने वालों को आगे लाकर नीतीश कुमार ने अपने ही पैर पर कुल्हाड़ी मार ली। अच्छे बुरे का फर्क भुल गए और परिणाम आज बिहार उद्वेलित है। गुस्से से भरा हुआ।
    जहां तक शिक्षकों का सवाल है तो नीतीश कुमार ने वैसे हाथों को रोटी दी जिनके घरों का चुल्हा दो सांझ नहीं जलता था। नीजी विद्यालयों मंे एक-दो हजार में पढ़ाने वालो को सात से आठ हजार वेतन दिया और अधिक की चाह में उनका गुस्सा कितना जायज है?
    सेवा का अधिकार लागू हुआ पर अधिकारियों की निरंकुशता बाधक बन गई पर साठ से सत्तर प्रतिशत लोगो को समय पर उसका काम हेने लगा। सुपरवाईजर को बीडीओं बनाने की जातिवादी राजनीति उनके लिए ही खतरनाक साबित हो रही है। बीडीओ का पद जनता से सीधा जुड़ा होता है और सुपरवाइजरों को पांच पांच लेने की लत लगी थी सो यहां भी बरकरार रह गई।
    इस सब के बीच लालू प्रसाद यादव बिहार का बिकल्प बनने के लिए परिवर्तन यात्री बन गए। गांव गांव जाकर जातिवादी अलख जागाने लगे। गुस्से को हवा देकर चिंगारी से आग बनने में जुट गए। पर शायद वे भुल गए कि उनके खुद के पास पिछले पांच-सात सालों में बदले बिहार के लिए कोई विजन नहीं है। वही हुर्र हुर्र की राजनीति। वही आरएसएस का पुराना आलापा। वहीं बंदरधुरकी। वही जाति वाद का विष बेल। न विकास की बातें, न मंहगाई से त्रस्त जनता के दर्द का एहसास। न बढ़े डीजल की परवाह न रसोई गैस की मंहगाई पर चिंता। न रोजगार की बातें और न ही शिक्षा और किसानों के बेहतरी की सोंच।
    जिस बंशवाद ने बिहार को लूटा उसी की नींब फिर से नजर आने लगी। बीबी और साला से ईतर पुत्र को राजनीति लांउचिंग कर रहे है।

    सो इतनी बिषमताओं के बीच लालू प्रसाद नीतीश कुमार का विकल्प नहीं बन सकते और समय रहते नीतीश कुमार ने सुधार कर लिया तो लालटेन की बुझी लै किस्से कहानियों की बातें ही रह जाएगी।

18 सितंबर 2012

एक छोटी सी लव स्टोरी के सुधी पाठकों से क्षमा याचना के साथ निवेदन..

एक छोटी सी लव स्टोरी के संबंध में कुछ मित्रों की सलाह है कि अब इसे ब्लॉग में न देकर एक किताब की शक्ल देनी चाहिए और इसी दुविधा की वजह से अगली कड़ी अटकी हुई है....प्रकाशक की खोज जारी है.....
आपके विचार के इंतजार में...
आपका
अरूण साथी

09 सितंबर 2012

राजद्रोह--असीम त्रिवेदी को समर्पित..


विनायक सेन को देशद्रोह की सजा होने के बाद रचित मेरी यह रचना आज असीम त्रिवेदी  को समर्पित..
हौसला होता है, जब तक विनायक, असीम सरीखे लोग है मेरे देश का कोई बालबांका नहीं कर सकता...

 

राजद्रोह है 
हक की बात करना।

राजद्रोह है
गरीबों की आवाज बनाना।
खामोश रहो अब
चुपचाप
जब कोई मर जाय भूख से 
या पुलिस की गोली से
खामोश रहो।


अब दूर किसी झोपड़ी में
किसी के रोने की आवाज मत सुनना,
चुप रहो अब।


बर्दास्त नहीं होता
तो
मार दो जमीर को
कानों में डाल लो पिघला कर शीशा।


मत बोलो 
राजा ने कैसे करोड़ों मुंह का निवाला कैसे छीना,
क्या किया कलमाड़ी ने।


मत बोला, 
कैसे भूख से मरता है आदमी
और कैसे
गोदामों में सड़ती है अनाज।


मत बोलो,
अफजल और कसाब के बारे में।
और यह भी की 
किसने मारा आजाद को।


वरना
असीम त्रिवेदी
विनायक सेन
और 
सान्याल की तरह
तुम भी साबित हो जाओगे 
राजद्रोही....

राजद्रोही।

पर एक बात है!
अब हम
आन शान सू 
और लूयी जियाबाओ 
को लेकर दूसरों की तरफ
उंगली नहीं उठा सकेगें।

28 अगस्त 2012

मैनेज कर लो भाई, अखबार या चैनल देता ही कितना....!

अरूण साथी
शुक्रवार, स्थान शेखुपरा जिले का बरबीघा नगर। पिछले 18 तारिख से बरबीघा थाना के ठीक सामने गेसिंग, जुआ का अड्डा खोल देने की सूचना मिली और 20 को जा कर जांच किया तो मामला सही पाया। फिर इसके बारे में जानकारी इक्कठी की तो पता चला कि उच्चाधिकारियों से 50000 प्रतिमाह में सेटिंग हुआ है। एसपी एक आइपीएस हैं पर उनके नाम पर उनका एक बोडीगार्ड रूपये का लेनदेन करता है जिससे जिले में भ्रष्टाचार की खुली छूट है।
  खैर, एक दिन बाद पता चला कि मीडिया को भी मैनेज किया गया है, कितना में यह कह नहीं सकता क्योंकि मेरे पास मैनेज करने कोई नहीं आ सकता, कारण सर्वविदित है कि यहां जाओगे तो उलटा पड़ सकता है। कई बार इस चक्कर में पुर्व में हंगामा हुआ है।
    खैर, 24 तारीख को सुबह प्लान बना कर गेसिंग के अड्डे पर धावा बोल दिया। साथ में कोई कैमरा मैन तो रख नहीं सकता क्योंकि कम्पनी अफोर्ड नहीं कर सकती तो हेल्प के लिए सहयोगी मुकेष कुमार को साथ ले चला। मन में डर भी लग रहा था कि जो लोग थाना के सामने गेसिंग खोल सकता है वह दबंग भी होगा पर चला गया। कैमरा खोलते ही संचालक और जुआ खेलने वाले भागने लगे। न्यूज धंटो बनाया। सारी बात उठाई। ऑफिस आ गया। दरोगा का बाइट लिया। एसपी को मोबाइल कर उसका वर्जन लिया, क्योंकि वह बाइट नहीं देती। पत्रकार के डर से ऐसे भागती है जैसे बिल्ली को देख कर चूहा।
    न्यूज भेजना शुरू किया। तभी मेरे एक बुजुर्ग सहकर्मी आ धमके। उनके मोबाइल पर फोन आया जो दूसरे अखबार के रिपोर्टर थे। दोनों में बाहर जाकर वार्ता हुई। फिर उन्होने चर्चा चलाई इस बार बख्स दिजिए, मैनेज कर लिजिए, न्यूज भेज कर क्या मिलने वाला, अखबार या चैनल देता ही कितना है।
    खैर, मैनेज तो नहीं किया पर इतने दिनों के बाद अब थकने सा लगा हूं ... ....भविष्य की सोंच कर..... ईमान भी डोलता है....देखें कब तक बचा पाता हूं..

20 जुलाई 2012

कसौटी पर असफल... अंडरग्राउण्ड राहुल गांधी......


अरूण साथी
बड़ी भूमिका निभाने के लिए तैयार हूं, राहुल गांधी का यह बयान बड़ा ही हास्यास्पद है। इससे पहले दर्जनों छोटी भूमिकाओं को निभाने में असफल रहे राहुल गांधी जब इस तरह का बयान देते है तो माथा ठोकने का मन करता है।
राहुल का यह कहना कि यह निर्णय पार्टी नेतृत्व और मनमोहन सिंह पर निर्भर है और भी बचकाना है। सबको पता है कि अभी तक पूरी तरह से असफल युपीए सरकार और अन्डरएचीवर पीएम के नेपथ्य में निर्देशक मां-बेटे ही रहे है।
पहली बार राहुल गांधी को देखने भर का मौका पिछले विधान सभा चुनाव में मिला जब अपने उम्मीदवार अशोक चौधरी के लिए चुनाव प्रचार लिए आए थे। भीषण गर्मी, हजारों की भीड़। भारी भरकम सुरक्षा व्यवस्था। कवरेज के लिए कई चैनलों का ओवी वैन। पैड न्यूज का जलबा। तभी अचानक आजतक का ओवी वैन बैरीकेटिंग के बगल में आकर खड़ी हो गई। रिर्पोटर मंच के नजदीक जाने का रास्ता तलाशने लगे। तभी तीन चार सुरक्षा अधिकारी उनकी ओर लपके, राहुल के आने में  अभी देर थी। अधिकारी रिर्पोटर पर बरस रहे थे-गिरफ्तार कर आतंकबादी धोषित कर देगें, क्या समझतो हो। बैन को पीछे ले जाओ। सभी हतप्रभ। मुझे लगा कि राहुल गांधी न होकर कोई आठवां अजूबा आने वाला हो।
फिर राहुल ने भाषण पढ़ा। भावशुन्य, उनके उम्मीदवार का  पराजय।
बिहार में लोकसभा हो या विधान सभा चुनाव जहां जहां राहुल गए, उम्मीदवार को मुंह की खानी पड़ी। 
एक असफल भूमिका।
फिर 2012 के युपी चुनाव में अपने लोकसभा सीट में अथक परिश्रम के बाद भी उम्मीदवार नही ंजिता सके।
एक असफल भूमिका।
जिस दलित कलावती के घर खाना खाने का नाटक-नौटंकी किए उसके घर को दबंगों ने ढाह-जला दिया, एक व्यक्तिगत परिवार के साथ न्याय-विकास संभव नहीं हो सका।
एक असफल भूमिका।
2009 में मंत्रीमंडल गठन में इनके ईशारे पर कई चहेतों को मंत्री पद मिला और राहुल की भूमिका को देश को नई दिशा देने बाला बताया गया, वही सरकार आज घोटालों का प्रर्याय बन कर रह गई।
एक असफल भूमिका।

जनलोकपाल बिल, अन्ना टीम, बाबा रामदेव और रामलीला मैदान। नेपथ्य में राहुल गांधी मुख्य भूमिका में थे, संसद में जनलोक पाल का खुला विरोध और अपरिपक्व भाषण, अन्ना की गिरफ्तारी, अनशनकारियों पर रात में हमला...
राहुल गांधी अंडरग्राउण्ड...
देश के सामने आतंकबाद, किसानों की आत्महत्या, छद्म धर्मनिरपेक्षता, धार्मिक कट्टरवाद, आतंकियों को सम्मान जैसे मुद्दो पर.. 
राहुल गांधी अंडरग्राउण्ड....

यह राजनीति का वंशबाद नही ंतो और क्या है कि अनेकों बार कसौटी पर असफल रहे, ज्वलंत मुद्दों की समझ नहीं रखने वाले राहुल गांधी को बार बार नई भूमिका देने की बात होती..या फिर रसातल में जा रहे देश के लिए अंतिम कील की व्यवस्था हो रही है।

08 जुलाई 2012

सत्यमेव जयते का दलित उत्पीड़न! सिक्के का दूसरा पहलू भी है..


सत्यमेव जयते में आज दलितो के उत्पीड़न की कहानी दिखाई गई, इसे सिरे से नकारा नहीं जा सकता, पर इनती बुराईओं के बाद भी इसी समाज में अच्छाई भी है जिसको सामने आना चाहिए।

बात बिहार के प्रथम मुख्यमंत्री डा. श्रीकृष्ण सिंह से शुरू करना चाहूंगा। श्रीबाबू (पुकारू नाम) ने 1961 में बिहार के देवघर मंदिर में दलितों के साथ मुख्यमंत्री होते हुए प्रवेश किया। भेदभाव और छूआछूत निश्चित ही निंदनीय है पर इसको तोड़ने के लिए भी बहुत लोगो ंने सराहनीय योगदान दिया है। बाबा साहेब अंबेदकर से लेकर अपने गांव तक यह नजारा मुझे दिख जाता है। बाबा साहेब के कार्टून को लेकर भले ही बबेला मचा हो पर उनको अंबेदकर बनाने मंे एक पंडित शिक्षक का ही हाथ रहा है।

मैं अपनी बात भी कहना चाहूंगा। लगन मांझी की पत्नी जिन्हें मै चाची कहता हूं आज भी जब तब कहते रहती है ‘‘अपन छतिया के दूध पिलैलियो हैं बेटा।’’ दरअसल किसी कारणवश टोना टोटका को लेकर मां ने जन्म के समय में ही मुझे इनके यहां बैना (उधार) दे दिया था और उनका ही दूध पी कर मैं इस दुनिया जीना सीखा। आज तक कर्ज है मेरे उपर। 

फिर जब से होश संभाला तब से कभी छूआछूत को नहीं माना। बहुत सारी बातें है पर सहज है। इंटर के समय में बरबीघा में कुछ लोगांे से दोस्ती हुई जिसमें से नीरज, श्रीकांत, कारू, दीपक इत्यादि का नाम है। बाद के दिनों मे दोस्तों की जाति का पता चला। उसी में जाना कि श्रीकांत और दीपक चमार जाति का है, श्रीकांत बगल के गांव जगदीशपुर का रहने वाला। सबकुछ सहज। फिर सबके साथ कई बार धूमने टहलने गया। ककोलत झरना में स्नान के बाद सबने मिल कर खाना बनाया और एक ही थाली में श्रीकांत और मैं खाया। फिर श्रीकांत कें पिताजी का निधन हुआ। सब दोस्तों के साथ मुझे भी न्योता दिया। दोस्तों के साथ मैं श्रीकांत कें घर चला गया। श्राद्ध का भोज खाने। बरसात का दिन और धुप्प अंधेरिया में उसके गांव पहूंचा तो किसी को विश्वास ही नहीं हुआ कि मैं भोज खाउंगा। किसी ने संकोचवश मुझे खाने के लिए नहीं कहा, पर मैं सहजतापुर्वक सबके साथ पंगत में बैठ गया और भोज खाया।

आज तक भी कहीं  भी मन में यह बात नहीं उठती है। सिक्के के दो पहलू होते है, पर इसमें यह भी सच है कि एक पहलू में अंधेरा धना है और दूसरे पहलू में रौशनी कम। बात जब अंधकार की हो तो साथ साथ रौशनी की चर्चा भी हो जाए तो इसे ईमानदारी कहते है, वरना सदियो से यह मुददा राजनीति भेंट चढ़ती रही है और चढ़ती रहेगी।