02 सितंबर 2011

अन्ना, मीडिया बनाम एलीट बुद्धिजीवी


अन्ना हजारे को लेकर मीडिया के कवरेज पर आज कल सवाल उठाए जा रहे है और इसकी गूंज संसद से लेकर सड़क तक देखने को मिल रही है। कल आईबीएन 7 पर इसको लेकर बहस भी कराई गई अन्य चैनलों और अखबारों के संपादकीय में यह मुददा बहस का विषय बना हुआ है। इन्हीं सवालों को लेकर मेरा मन भी कई दिनों से मथ रहा है और आज एक आम पाठक और दर्शक के रूप में मैं भी इन सवालों के जबाबों में उलझना चाहता हूं। सबसे पहले मैं चैनलों की बात करू तो अन्ना के आंदोलन के पूर्व चैनलों पर खुले आम सरकार के हाथो बिके होने का आरोप कथित बुद्विजीवी लगाया करतेे थे और जब भटटा परसोल में राहुल को कवरेज मिलती थी तो लगता भी ऐसा ही था और आम तौर पर मेरे जैसे दर्शक चैनल पर इस तरह की खबर आने पर रिमोट का सहारा ले लेते थे। पर अन्ना का आंदोलन की परस्थितियां इससे विपरीत थी। कुल मिला कर तेरह दिन में सोना-जागना अन्ना के आंदोलन के न्यूज को देखते हुए हुई। जब कभी भी किसी भी चैनल पर विज्ञापन अथवा अन्य खबर आई फिर से रिमोट का सहारा लिया और अन्ना की तलाश होने लगी। अपने कार्यालय में चंदा कर डीजल लाया और दिन दिन भर अन्ना का न्यूज देखता रहा। मैं ही नहीं मेरे साथ कई कई लोग अपने काम धंधे को छोड़ कर इस कार्य में जुटे रहे। यह जन भावना थी और इसी जन भावना को समझते हुए समाचार चैनलों ने अपनी जिम्मेवारी निभाई। कभी कभी तो ऐसा हुआ कि कई चैनलों पर विज्ञापन एक साथ आए तो फिर अन्ना की तलाश मे विजनस चैनल तक चला जाता जहां अन्ना ही दिखाया जा रहा था। 

इस कड़ी में मैं एक बाकया बताना चाहूंगा। बारहवे दिन जब संसद में बहस चल रही थी तब केबुल मे कुछ तकनीकी गड़बड़ी आ गई और प्रसारण कुछ देर के लिए रूक गया तो मेरे मित्र मनोज कुमार सहित कई लोगो को मोबाइल मुझे आ गया कि क्या हुआ, क्योंकि मेरा कार्यालय केबुल प्रसारणकर्ता कार्यालय के पास ही है। और मुझे जबाब देना पड़ा। ऐसा क्यों हुआ। क्यांेकि घरों में भी सपरिवार लोग अन्ना के साथ बैठे थे। मेरी बीबी आम गृहणी है। धरेलू महिला। आम दिनो मे वह सास बहू के सिरीयल को लेकर झगड़ जाती और घर मे न्यूज चैनल देखना दुभर हो जाता पर इन तेरह दिनो मे मेरे साथ ऐसा नहीं हुआ?

यह एक सहज जन उभार का परिचायक है। अन्ना ने आम आदमी के दर्द को हवा दी और वह भी किसी महापुरूष की तरह नहीं, आम आदमी बन कर। अन्ना मंे लोगों को अपना चेहरा दिखा। वहीं सादगी, वही भदेशीपन! 

कल आशुतोष ने कहा कि मीडिया पर आरोप लगता है कि अन्ना को महापुरूष बना दिया और जबाब भी आशुतोष ने ही दिया कि मीडिया तो बाबा रामदेव से लेकर राहुल तक को फूल कवरेज दी वे क्यों नहीं महापुरूष बन गए? देहात में एक कहावत है दूध माफीक ही पानी मिलाया जाएगा। मतलब एक लीटर दूध में आप आधा लीटर पानी मिला सकते है पांच लीटर नहीं। वहीं बात मीडिया पर लागू है लोगों की भावनाओं को समझ मीडिया ने दूध में हिसाब से कुछ पानी उसमे मिलाया।

मुझे याद है जब आशुतोष ने एंकर की सीट से बोलते हुए कहा कि रामलीला मैदन में घटने वाली इस ऐतिहासिक घटना का मैं भी गवाह बनना चाहता हूं और अगले दिन वह रामलीला मैदान में माइक थामे नजर आए और देखने वालो को यह फर्क समझ में नहीं आ रहा था कि स्टूडियो में गोरा चिटटा, बेल मेंटेन दिखने वाला यह आदमी काला कलूटा क्यों दिख रहा है? कमर पर हाथ रखे जब आशुतोष बोल रहे थे मुझे लग रहा था जैसे दिन भर लहलहाती धूप मे हल जोतने के बाद कमर पर हाथ रख कर किसान थोड़ी देर के लिए सुस्ताना चाहता हो।

आईबीएन 7 की ही एक महिला रिर्पोटर ने चिलचिलाती धूप से बचने के लिए जब दुप्पटे को आंचल बना, सर पर रख एंकरिंग की तो ऐसा लग रहा था मानो धान की खेत में रोपनी रोपा रोपते हुए कजरी गा रही हो- सखी हे आइल देश के बरिया अब तो छोड़हो दिहरिया (चौखट) न....।

कुल मिला कर अन्ना के आंदोलन के कई निहितार्थ है जिसमें सबसे बड़ा यह कि आम आदमी को अन्ना के रूप में अपनी छवि नजर आती है। वहीं सांसद शरद यादव अन्ना और उनकी टीम पर व्यंग करते है और अरूंधंति राय और अरूणा राय सरीखे एलीट बुद्धिजीवी अन्ना पर सवाल खड़े करते है तो साफ झलक जाती है कि एक सातंवी जमात पास बुढा आदमी कैसे इन एलीटों से आगे चला गया। शरद यादव सरीखे कथित संपूर्ण क्रांति की उपज को खोर खोर कर खाने वाले नेताओ को भी लगता है कि इतने दिनो की राजनीति में भीड़ इक्कठा करने के लिए उन्हें भाड़े के लोग जुटाने पड़ते है पर रामलीला मे अन्ना के साथ लोग भुतियाल है।

हुर्रहुर्र की राजनीति करने वाले लालू जी के लिए तो प्रख्यात कवि अरूण कमल की यह रचना ही श्रेष्यकर रहेगी-

असत्य के प्रयोग?

किसने सोंचा था वह इस तरह जायेगा
कहता था मैं कौआ का मांस खाकर आया हूं
मरूंगा नहीं मैं इसी जगह राज करूंगा पूरा कलयुग
थर्र कांपता था पूरा ईलाका
दरोगा से मंत्री तक सब उसके जूते की गंध से पाते थे होश
बिना मंुडेर वाली छत से वह दिन भर मूतता रहता
आते जाते किसी भी आदमी के सिर पर खल खल 
ऐसा प्रताप था उसका
यही अर्थ था उस युग में न्याय का
और एक दिन
एक दिन मंुह अंधेरे जब बूढ़ी औरतें
जा रही थी गंगा नहाने भजन गाते टोल में
भागी चिल्लाते रोते कलपते
वह गिरा पड़ा था औधा गली में
रात में
आदतन उठा होगा मूतने 
मूतते मूतते बढ़ता गया होगा बिना मंुडेर की छत पर
और गिरा होगा भक्क मूतते अचक्के
अपने ही खून और पेशाब से डूबा
पड़ा है बीसवीं शताब्दी का एक और अजूबा।

इतिश्री

26 अगस्त 2011

अन्ना का आंदोलन लोकतंत्र के लिए खतरा?-राहुल


लो जी, कांग्रेस के तथाकथित युवराज ने आखिर कर मंुह खोल ही दिया पर वही तोंता रटंत? बेचारे को जो सिखाया पढ़ाया गया उसे ठीक से पढ़ कर और याद कर संसद में रखा और कह दिया कि अन्ना का आंदोलन लोकतंत्र के लिए खतरा?

बेचारे को कौन बतलाएगा कि यही आन्दोलन है तो लोकतंत्र जिंदा है वरना उनके दादी ने इसे मारने के लिए कोई कोर कसर उठा नहीं रखी थी।

मुझको तो इस सब में राहुल को प्रोजेक्ट करने की बू आ रही......

पर मीडिया का कैमरा सामने आते ही बेचारे लंगोटी उठा कर भागने लगते है, पता है तोंता रटंत के आलावा भी कुछ बोल न दे...

जय हो, जनाब  को भावी प्रधानमंत्री कहा जाता है.. भगवान भला करे इसे देश का...

24 अगस्त 2011

निर्लज हो तुम...


निर्लज हो तुम...

इतने हील हुजज्त के बाद भी हमारे प्रधानमंत्री को अन्ना से बात करने की फुर्सत नहीं है! आज की सर्वदलिये बैठक के बाद तो एक बात साफ हो गई कि इस देश को लूटने में सभी बराबर के भागीदार है। सबसे दुखद तो यह कि जब देश जल रहा है सरकार की मुखीया विदेश में और उनका लाडला तथाकथित युवराज और भावी प्रधानमंत्री आंचल में मुंह छुपाये सो रहा है। शर्म करो।


निर्लज हो तुम
लोक लाज सब धो कर
पी गए हो..
चुल्लू भर पानी भी
कम है अब
तेरे डूब मरने के लिए...

अरे एक बुढ़ा-नैजवान
जान को लगाकर दांव पर
भारत मां की लाज बचाने
बैठा है
भूखा
कई दिनों से...

और तुम,
तुम सरकार हो
इसलिए
बैठकों में फांकते हो काजू...

और
दाबते इफ्तार के साथ साथ
प्रजातंत्र को चबा चबा कर निगलना चाहते हो

और तुम
अब जबकि
सारा देश
मां की आबरू रक्षार्थ
उठ खड़ा हुआ है
उनकी अस्मत पर आज भी
हाथ डालने से गुरेज नहीं करते.......

12 अगस्त 2011

अथ साष्टांग आसन कथा----(चुटकी)

साष्टांग आसन बहुत ही लाभप्रद और फायदेमंद है और इस आसन को आजमा कर कई लोग फर्श से अर्श तक पहूंच गए है। इस आशन के बारे में अभी बाबा देव ने किसी दूसरे को बताया ही नहीं, बस स्वतः ही आजमाते रहे और कांग्रेस से भी इस आसन को करबाते रहे।

अभी अभी जब बाबा सलबार सूट में दिखे तभी मैं समझ गया कि ऐसा क्यों हुआ। दरअसल इससे पहले बाबा साष्टांग आसन को आजमा रहे थे पर जैसे रही उन्होंने इस आसन का त्याग किया परिणाम कष्टदायक हो गया।

आसन के तरीके
सबसे पहले गहरी सांस ले और झूठ-मूठ का परेशानी अपने चेहरे पर ओढ़ ले। इसके बाद जिस किसी के पास इस आसन का प्रभाव छोड़ना है उसके सामने अपनी कमर नब्बे डिग्री पर झुका ले!

लाभ
कलीकाल में यह आसन काभी फलदायक सिद्ध होता है और सभी बिगड़े काम बनते चले जाते है। इसके फल से उच्च शिखर की प्राप्ती बिना किसी कर्म के ही हो जाती है।

उदाहरण
वैसे तो इसके कई उदाहरण आपको अपने आस पास मिल जाएगे और इतिहास में इसके कई उदाहरण है पर वर्तमान मे अपने मोहन बाबा इस आसन को आजमा कर कहां है सबको पता है।

नोट- 
कमर सीधी रखने वाले लोग आज कल पसंद नहीं किए जाते और अन्न, केजरीबाल, बेदी और भूषण सरीखे लोग इसलिए सरकार की आंख की किरकिरी बने हुए है।

निष्कर्ष
इस युग मे कमर सीधी रखने वाले बिरले ही मिलते है और कहा जाता है कि ईश्वर आज इसी रूप में धरती पर बास करते है।

20 जुलाई 2011

नवजात शिशु को कुंआ मे फ़ेंका, सांपों के बीच रहे शिशु को गांव वालों ने बचाया। जाको रखे सांइयां मार सके न कोई।

लावारीस शंकर 



यह सपने की तरह लगता है,मेरी कहानी के साथ ही साथ एक हकीकत चल रही थी और उस हकीकत को देख रूह कांप गया। बरबीधा के कुटैत गांव में जहां एक मां ने अपने बेटे को चालीस फिट गहरे कुंए में सांपों के बीच मरने के लिए फेंक दिया वहीं एक मां ने अपने बेटे को शौचालय में जा कर फेंक दिया जैसे की वह भी मल मुत्र की तरह त्याग्य हो?

कुएं के पास खड़े ग्रामीण जिन्होने बच्चे को बचाया।




इस तरह की घटनाऐं हमारी समाज में जब भी घटती है तो इसमें हम उस मां को कोसते है जिसने कुंती कर तरह अपने कोख से जन का बच्चे को फंेक देती है, सच भी है कि यह निंदनीय ही नहीं बल्कि उस मां के मनुष्य होने पर सवाल खड़ी करती है पर इस सब के बीच जब कथित समाज में वह कुंवांरी मां अपने बेटे के साथ आ बैठती तो हमारा कथित सभ्य समाज भी राक्षसी पराकाष्ठाओं को पार कर जाता?

ऐसा ही हुुआ, जिसने भी सुना उसका कलेजा मुंह को आ गया। एक नवजात बालक दुधमुंह और उसे चालीस फीट गहरे सुखे कुंऐं में फेंक दिया गया और चार चार सांप के बीच एक दुधमंुहा बच्चा रो रहा है। हे भगवान। यह लोमहर्षक और मानवीय संवेदनाओं को झकझोर देने वाला मंजर था बरबीघा के कुटौत गांव का। इस गांव में बकरी चराने के क्रम में बच्चांे ने कुंऐ में से बच्चे के रोने की आवाज सुनी और जब झांक कर देखा तो एक दुधमंुहा बच्चा कुंऐं में फेंका हुआ है और उसके इर्द-गिर्द तीन चार सांप लोट रहे है। जंगल में आग की तरह यह खबर गांव मंे फैल गई और घीरे घीरे लोग जमा होते गए। गांव वालों ने संवेदना दिखाई और कुंऐं में सीढ़ी लगा कर बच्चे को बचाया। यह सांपो के बीच से बच्चे को निकालने का साहस किया विपिन कुमार ने। फिर गांव के ही एक महिला संजु देवी ने इस बच्चे को अपना लिया। यह बेटा था। प्रत्यक्षदर्शीयों की माने तो सांप बच्चे की रक्षा कर रहा था और जब बच्चा रोने लगता था तब वह हलचल कर उसे बहलाने की कोशिश करता। जब कुंए से बच्चे को निकालने के लिए विपिन कुंए में प्रवेश किया तो सभी सांप अलग हट गया।

बच्चे को कुंए से निकाल कर डा. रामानन्दन प्रसाद के पास उसका ईलाज कराया जहां उसे खतरे से बाहर बताया गया। गांव के लोग सावन के महीने में सांपों के बीच रहे इस बच्चे को भगवान शंकर की कृपा मान रहा है और इसलिए इस बच्चे का नाम शंकर रख दिया गया है।


वहीं तैलिक बालिका स्कूल के शौचालय में एक नवजात बच्ची को फेंक दिया गया और जब छात्राऐं शौचालय गई तो नवजात पर नजर गई और फिर भीड़ जमा हुई पर उसे किसी ने नहीं बचाया और उसके प्राण पखेरू उड़ गए।

कुछ भी पर जहां एक तरफ एक मां ने अपनी कोख से जन्म देकर अपने ही बेटे को कुंए में मरने की नियत से फंेक दिया वहीं गांव के लोगों ने उसे बचा कर एक मां के आंचल में दे दिया है।
किसी शायर ने सच ही का है घर से मंदिर है बहुत दूर चलो यू कर लें, किसी रोते हुए बच्चे को हंसाया जाए।

05 जुलाई 2011

पत्नी के नाम पर नौकरी करने वाला फर्जी शिक्षक हिरासत में। बीईओ की संलिप्तता से हो रही थी गड़बड़ी।

शेखपुरा शेखोपुरसराय के ओनामा पंचायत के प्राथमिक विद्यालय सीतारामपुर में पत्नी के नाम पर नौकरी करने वाला फर्जी शिक्षक का हिरासत में ले लिया गया। ऐसा जिलाधिकारी को मीडिया के द्वारा दी गई सूचना के बाद त्वरित कार्यवाई की वजह से संभव हो सका। सीतारामपुर प्राथमिक विद्यालय में कई तरह की अनियमितता पाई गई जिसमें प्रधानाध्यपिका अर्चना कुमारी के जगह उसके पति संजय कुमार को नौकरी करते हुए धर लिया गया वहीं एक अन्य शिक्षका सरोज कुमारी पिछले एक साल से गायब है और उसकी उपस्थिति बना दी गई है। इतना ही नहीं स्कूल में उस दिन मात्र दस बच्चों की उपस्थिति थी पर मीड डे मील में गड़गबड़ी करने और रकम को अधिक निकासी को लेकर 54 बच्चों की उपस्थिति रजिस्टर में बनाई गई थी। विघालय की इस गड़बड़ी की सूचना मिलने के बाद जिलाधिकारी ने स्वयं पहल करते हुए अनुमण्डलाधिकारी मंजूर अलि को जांच के लिए भेजा जहां मौके पर ही शिक्षक को पत्नी के जगह नौकरी करते घर लिया गया। मौके पर घरे शिक्षक ने मंजूर अलि को बताया कि बीईओ के मौखिक आदेश के बाद ही सरोज देवी नामक शिक्षका अपने पति के यहां गुजरात चली गई है। इसको लेकर शिक्षक के द्वारा सरोज देवी का कोई छुटटी का आवेदन मांगने पर भी नहीं दिया गया। मनमाने ढंग स ेचल रहे इस विद्यालय को शिक्षक का जब मन होता था तभी खोला जाता था। पिछले दो माह से यह विद्यालय बंद था और इस सोमवार से ही खोला गया है। अनियमितताओं का पुलंदा ही इस विद्यालय में सामने आया है जिसमें बिईओं की संलिप्पता साफ नजर आती है। इस संबध्ंा में जब बिईओ से बात की गई तो उन्होंनों ऐसा कुछ नहीं होने की बात कही जबकि मौके पर घराये शिक्षक ने बिईओ की संलिप्पता से इस तरह का खेल चलने की बात कही। मौके पर छात्र पिन्टू कुमार, बंटी कुमार, विकास कुमार सहित अन्य ने बताया कि विद्यालय में जब भी खुलता है तब मिड डे मिल सही नहीं मिलता और मार भात ही खिलाया जाता है।
मौके पर जब अनुमण्डलाधिकारी ने खद्न्न की वही मांगी जो प्रधानाध्यपिका के घर मे होने की बात कही।