09 दिसंबर 2012

कांग्रेसी राम राज और विदेशी मोदीखाना। (चुटकी)


आज समाजवादी झंडा ढोने वाला ढोलक यादव बहुत प्रसन्न था। नेताजी ने मैडम का पानी उतार दिया। एक दम गरमा-गरम बहस। ई विदेशी मोदीखाना किसान विरोधी है मैडम इसे वापस ले लिजिए।

गौरी बा के दलान पर घूरा (अलाव) तापते हुए पहले ढोलक उदास रहा करता, मंहगाई के मुददे पर जब भी बहस होती तब वह चुप हो जाता। बोलता भी क्या? कल ही नयकी भौजी झगड़ पड़ी थी,
‘‘मुंहझौंसा परबो-तेउहार में गरम-मशाला रोजी नै है।’’ तब मोदीखाना से उधार लाकर गरम-मशाला दिया था ढोलक ने। मंहगाई की मार से वह लाचार था और उसके नेताजी सरकार के साथ। सोचता ढोलक कि अपन हारल और मौगी के मारल केकरा से कहे।
‘‘कि हो काका, बोलो हलियो ने हमर नेता जी किसान के रखबाला हखिन, देख लेलहो।’’ मंडली में आज सब चुप थे और ढोलक ढकर रहा था। आज ही वह अखबार में नेताजी का भाषण पढ़ा है, लाइन बाई लाइन।
तभी शाम के साढ़े सात बज गया। सुरो बाबू का बाजा चालू हो गया। यह आकाशवाणी है। आज का प्रमुख समाचार, बहनजी और नेताजी की मदद से एफडीआई पास हो गया।
ढोलक अवाक। इ तो गिरगिट की तरह पलट गया। बहिनजी और नेताजी दुनु एक साथ? हे भगवान ई का हो रहा है। घोर कलजुग आ गया कलजुग।
‘‘कलजुग नै ढोलक, राम राज है राम राज। बाघ-भैंसा दुनु एक्के घाट पर। इस सब मैडम के प्रताप है। ’’ बधोरन काका बोल उठे।
तभी बहिनजी के एक समर्थक रमेसर सिंह रविदास ने प्रतिकार किया।
‘‘देखिए यह बस गरीबों के हित का बात होगी तभी बहिनजी ने सरकार का साथ दिया है। आप लोग कुछो कहिए पर बहिनजी जी ने यदि साथ दिया है तो जरूर गरीब का भला होगा, सौ परसेंट गारंटी है।’’
पर ढोलक खामोश वहां से उठ गया। कैसे नेताजी लोहिया जी, समाजवाद आदि समझाते थे। आज ई का हो गया। इ पूंजीवादी समाजवाद है का? ढोलक सोंच रहा था। जब हम चुनाव में सौ दो सौ में वोट खरीद लेते है तब यहां तो बड़का बड़का कंपनी है? कुछो हो सकता है?
फिर ढोलक ने फैसला किया कि वह नेताजी से पूछेगा कि उसे विदेशी मोदीखाना में उधार मिलेगा क्या? परव-तेउहार पर उसके घर गरम-मशाला आएगा की नहीं?
सोंचता हुआ ढोलक घर आया। बधाई हो ढोलक। बेटा होलो, तों बाप बन गेला। ढोलक असमन्जस में पड़ गया। सोंचा था इस बार बेटा होगा तो उसका नाम नेताजी के नाम पर रखेगा पर अब क्या करे!
 आखिर सोंच विचार कर ढोलक ने अपने बेटा का नाम गिरगिट रख दिया और नेताजी के  आने का इंतजार करने लगा।



05 दिसंबर 2012

भागमभाग


जीवन के जद्दोजहद में
भागते भागते
बहुत कुछ छूट गया है पीछे....

छूट गया पीछे
दलान पर
गांव-जबार से लेकर
दुनीया भर  की चिंताओं
पर चिंतन करना...

छूट गया पीछे
पनघट-पनहारिन
देवर-भौजाई
मौया-बाबू

छूट गया पीछे
दोल-पत्ता
गुल्ली-डंडा
नुक्का-छुप्पी
श्याम-चकेवा

छूट गया पीछे
भोज-भात में
पंगत-पत्तल
होय हरी
रामरस

छूट गया पीछे
किसी के निधन पर
शव निकलने तक
चुल्हा नहीं जलना
कहमां से हंसा आ गेलै
निर्गुण का सुनना
बाबू जी का परतकाली
देवर-भौजाई
साला-साली
के बीच की प्रेमपुर्ण गाली

कहां थे हम, कहां आ गए।
भागमभाग में सबकुछ लुटा गए।।



02 नवंबर 2012

हिन्दु करते है मजार की देखभाल। जिंदाशाह की मजार पर लगा उर्स का मेला।


बरबीघा, शेखपुरा (बिहार)
कौन हिन्दू, कौन मुस्लमा यह तुम जानो/हम तो आदमी हें आदमी से प्यार करते है। कुछ इसी अंदाज को जिबंत करता है बरबीघा के रामपुर सिंडाय गांव में स्थित जिंदाशाह का मजार। इस मजार की देख भाल से लेकर उर्स मेले का प्रतिवर्ष आयोजन तक का काम गांव के हिंदू समुदाय के लोग ही करते है। कार्तिक माह के चतुर्थी के दिन इस मजार पर प्रतिवर्ष उर्स मेला का आयोजन किया जाता है जिसमें बरबीघा के आसपास के लोगों से लेकर बंगाल, उत्तरप्रदेश सहित अन्य जगहों से लोग आते।
सालों से आस्था का प्रतीक जिंदा शाह के मजार पर चादरपोशी से लेकर अन्य धार्मिक काम मो0 जमील करते है जबकि देखभाल एवं मेला आयोजन का उपेन्द्र सिंह, धनन्जय कुमार, साकेत सिंह, राजीव सहित अन्य लोग करते है। मनोकामना पुर्ति स्थल के रूप में प्रसिद्ध इस मजार पर प्रति सप्ताह गुरूवार का विशेष पूजा की जाती है।
उर्स मेले के दिन जहां इस मजार पर मुस्लिम समुदाय के लोग चादर चढ़ाते है तो हिन्दू समुदाय के लोग अपने रीती रिवाज से पूजा करते है। इस मजार पर बली प्रथा का आयोजन भी होता है जहां दोनांे समुदाय के लोग मन्नते पुरी होने पर बकरे की बली देते।
इस मजार पर रात भर चलने वाले मेले को लेकर गांव कें लोगों में काफी उत्साह है और गांव के लोग मिलकर कफन नाटक का मंचन भी किया।


31 अक्टूबर 2012

50 करोड़ की गर्लफ्रेंड.--उर्फ---कहो तो मैं भी हरामखोर हो जाउं...((व्यंग्य))


अरूण साथी
थरूर साहब ने जब से कहा है कि उनकी मोहतरमा 50 करोड़ से भी बेशकीमती है तब से मेरी मोहतरमा का पारा चढ़ा हुआ है।
नकारा! निकम्मा! कहां 50 करोड़ और कहां एक पत्ता टिकुली पर आफत। यही कहते रहे आजतक कि प्यार करते हो। झूठा कहीं का। जाओ, जाकर कुछ सीखो, प्यार-व्यार और कमाई-धमाई। निरा-नकारा, मुंआ पत्रकार बन कर बैठे हो। काम के न काज के, ढाई सेर अनाज के।
मोहतरमा को इतने गुस्से में मैंने कभी नहीं देखा, उलटे जब से मंत्री जी ने अपना अनुभव बधारते हुए कहा कि पुरानी बीबी मजा नहीं देती, तब से मैडम के होश फाख्ता थे। पता नहीं कौन से सुनामी के डर से सहमे रहती, गाय की तरह और आज अचानक थरूर साहब ने जुगाली क्या करी, मौडम सिंहनी बन गई।
गुस्सा तो मुझे भी बहुत आ रहा है ई मोदी साहब पर। भला बताईए तो, क्या जरूरत थी ततैया के छत्ते में हाथ डालने की। कहते है 50 करोड़ की गर्लफ्रेंड देखा है? साहब हमलोग गरीब आदमी है। हमारे सात पुस्तों ने इतनी रकम नहीं देखी तो गर्लफ्रेंड कहां से देखंेगे। पिटबा दिया न एक गरीब बेचारे को। मोहतरमा सुगंधा को छू कर देखना चाह रहा था। कैसी होती है 50 करोड़वाली। लगा झापड़। चटाक। ऐसी ही होती है। डोन्ट टच। ओनली सी।
अब देखिए ई बुद्धू बक्से बाले बनिया सब को। मंगनी का माल करोड़ों में बेच देते है। 50 करोड़ की गर्लफ्रेंड। गलथेथरी चालू। नारी जाति का अपमान। कौन समझाए। भैया कौन से ऐंगल से गर्लफ्रेंड कहने से नारी जाति का अपमान हो गया। यह तो फैशन का युग है और आप गरंटी की इच्छा कर रहे है।
उलटी करते है नेता और साफ करनी पड़ रही है मुझे। मैडम के गुस्से पर प्यार का वर्फ डालने लगा। देखिए मैडम ई नेता लोग के बात पर कान नहीं देने का। किसी के कहने भर से क्या होता है जब हमे मजा आ रहा है तो? और ई 50 करोड़ बाली बात पर तो ध्यान ही मत दो। ई सब हराम की कमाई का नतीजा है। कई कई होती है। अपनी तो बस तुम्ही काफी हो। या कहो तो मैं भी हरामखोर हो जाउं....

09 अक्टूबर 2012

रिमझिम बरसात .. और कादम्बिनी



आज रिमझिम बरसात हो रही है और ऐसे में गांधी जी को समर्पित कादम्बिनी के इस अंक को पढ़ने का मजा.... निश्चित ही कादम्बिनी का यह अंक पठनीय और संग्रहणीय है।  


08 अक्टूबर 2012

जितिया, तीज और करवाचौथ, महिलाओं को गुलाम रखने के उपाय..


पोंगा-पंडित और पोथा सब बकबास है, इनको आग के हवाले करने के बाद ही स्वस्थ समाज का निर्माण किया जा सकता है। अब देखिए, आज जितिया पर महिलाओं का उपवास है और इसके लिए परंपरागत तरीके से सुबह चार बजे महिलाऐं कुछ नास्ता करके चौबीस घंटे का उपवास करती थी पर इस बर पांेगा महराज का फरमान आ गया कि रविवार को शाम 8 बजे तक ही कुछ खा सकती है। भला बताइए 36 घंटा निर्जला उपवास? 
जितिया, तीज, करमा, करवाचौथ, ऐ सारे के सारे औरतों की गुलाम मानसिकता का प्रतीक है।
मेरी समझ से यह पुरूषों के द्वारा महिलाओं को मानसीक रूप से गुलाम रखने का यह तरीका है। जितिया बेटा के लिए, तीज और करवा चौथ पति के लिए, करमा भाई के लिए, सारा उपवास पुरूषों के लिए? महिलाओं के लिए पुरूष कौन सा उपवास करते है?
हलांकि पुरूषों के द्वारा महिलाओं गुलाम की कई जंजीर भी पहनाई गई है जिसमें सिंदूर, मंगलसुत्र, चुड़ी आदि आदि....। पुरूष शादीशुदा होने पर कुछ क्यों नहीं पहनता? हद तो यह कि महिलाओं की मनसिकता इसको लेकर इतनी पवित्र है जितनी भगवान को लेकर...।

इस तरह के पर्व को लेकर पहले मां से झगड़ता था अब बीबी से झगड़ता हूं। हद हाल है। चौबीस चौबीस घंटे निर्जला उपवास। चलो यह तर्क भी ठीक है कि सेहत के लिहाज से उपवास ठीक होता है पर बिमार लोगों के लिए? चाहे प्राण क्यों न चली जाए, उपवास तो करनी ही है। एक साल से बीबी को डायबटीज है पर जब उपवास की बात आती है तो अड़ जाती है, सीधा, करेगें। हलांकि इस बार आज सुबह चार बजे लड़-झगड़ कर  नास्ता तो करा दिया पर उपवास खत्म नहीं करा सका हूं..।